वायु सेना देश भक्ति के साथ खेलों और शिक्षा में भी अव्वल बनाती है। सेना में जाने वाला हर युवा एक न एक अतिरिक्त उपलब्धि व अनुभव लेकर वापस लौटता। वायु सेना ऐसा मंच है जिसमें जीवन को जीना और अनुशासन सीखना शामिल है। ऑपरेशन सिंदूर जैसी विशेष सफलताओं में वायु सेना का अहम योगदान रहा है। ये बातें आईएमटी स्थित अमर उजाला कार्यालय में वायु सेना के पूर्व सैनिकों ने संवाद कार्यक्रम के दौरान कही। वायु सेना दिवस के अवसर पर मंगलवार को शहर के सेवानिवृत सैनिकों ने अमर उजाला के साथ अपने अनुभव को साझा किया। पूर्व सैनिकों ने कहा कि वायु सेना को युद्ध जरूरत के रूप में आंकना ठीक नहीं है। वायु सेना ने हर साल अनेक लोगों को कौशल पूर्ण बनाकर समाज में भेजा है। लंबे समय तक सेवारत रहे सैनिकों ने अधिकारिक पद तक पहुंचकर जूनियर सैनिकों को तैयार किया है। कुछ सैनिक खेल में वर्ल्ड विजेता बने तो कुछ कोच बनें।