कसौला गांव में खेत से सरसों की फसल चोरी हो गई। कुछ लोग रात के समय खेत में रखी सरसों की फसल को थ्रैसर से निकलवाकर साथ ले गए, जिससे किसान को करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम गांव में पहुंची और जांच पड़ताल की। कसौला निवासी संदीप ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में सरसों की फसल काटकर ढेर लगाकर रखी हुई थी। 14 मार्च की रात को कुछ लोग खेत में पहुंचे और वहां रखी सरसों की फसल को थ्रैसर मशीन से निकलवा लिया। इसके बाद आरोपी सरसों को साथ लेकर भाग निकले। सुबह जब वह खेत पर पहुंचे तो उन्हें फसल गायब मिली, जिसके बाद उन्हें चोरी का पता चला। संदीप ने बताया कि खेत में करीब दो किले की सरसों की फसल काटकर रखी हुई थी। फसल चोरी होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि सरसों की मौजूदा कीमत के हिसाब से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सारी कमाई चली गई। वह काफी परेशान हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रात के समय खेत के आसपास कौन-कौन लोग आए थे। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।