जिला योजनाकार अधिकारी मनजीत सिहाग ने कांग्रेस के शहरी प्रधान प्रवीण चौधरी द्वारा लगाए गए आरोपों को तथ्यहीन और राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी तरह नियमों के अनुसार कार्य कर रहा है और अवैध कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। मनजीत सिहाग ने कहा कि 10 मार्च को गांव कालुवास में अवैध रूप से बनी दुकानों पर विभाग की कार्रवाई के बाद ही प्रवीण चौधरी को दर्द महसूस हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन दुकानों पर कार्रवाई हुई, उनमें प्रवीण चौधरी की भी भागीदारी थी। जिला योजनाकार अधिकारी ने कहा कि प्रवीण चौधरी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों का विभाग तथ्यों के आधार पर जवाब दे रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में किसी भी कीमत पर अवैध कॉलोनियों को विकसित नहीं होने दिया जाएगा। इसी के तहत विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। मनजीत सिहाग के अनुसार,1 अक्तूबर 2025 से फरवरी 2026 तक रेवाड़ी जिले में 89 अवैध कॉलोनियां विकसित होने की जानकारी सामने आई थी। इन सभी पर विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियां विकसित होने के पीछे कई कारण होते हैं, लेकिन विभाग लगातार निगरानी रखकर कार्रवाई कर रहा है।