राधा कृष्ण प्रभात फेरी संगठन द्वारा रविवार सुबह बड़ी श्रद्धा व उत्साह के साथ मौहल्ला नलापुर स्थित संतोषी माता मंदिर के पास से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी के यजमान प्रमोद अग्रवाल व उषा अग्रवाल रहे, जिनको परिवार सहित ठाकुर जी का पूजन करवाया गया। इसके बाद सभी को चंदन तिलक लगाकर प्रभात फेरी का शुभारंभ किया। यह प्रभात फेरी अध्यात्मिक, भक्ति और सांस्कृतिक उत्सव का सुंदर संगम रही। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे महिला पुरुष व बच्चों ने ढोल नगाड़ों की थाप पर राधा नाम का स्मरण किया। प्रभात फेरी यजमान के निवास स्थान से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस यजमान के निवास स्थान पर सम्पन्न हुई। परिक्रमा मार्ग में लोगों ने अपने घरों से निकल कर प्रभात फेरी का स्वागत किया व पुष्प वर्षा भी की। अंत में सनातन धर्म के जयकारे के साथ आरती कर सभी को प्रसाद वितरित किया गया।