केशव पार्क में 31 जनवरी से चार फरवरी तक खो-खो सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रदेश सरकार, खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया और हरियाणा स्पोर्ट्स खो-खो एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में होगा। इसको लेकर चार ग्राउंड तैयार किए जा रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए एसोसिएशन की टीम ने सभी तैयारियों और योजनाओं पर मंथन किया। हरियाणा स्पोर्ट्स खो-खो एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष जवाहर यादव ने बताया कि वर्ष 2012 में गुरुग्राम के बाद यह दूसरी बार है जब हरियाणा को इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। खिलाड़ियों के रहने से लेकर खाने-पीने सहित अन्य व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए एसोसिएशन की टीम ने सभी तैयारियों और योजनाओं पर मंथन किया। चैंपियनशिप में करीब 1500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के लड़के और लड़कियों की अलग-अलग टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ 31 जनवरी को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल की ओर से किया जाएगा। चैंपियनशिप के अलग-अलग दिनों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, कृष्ण पंवार, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और राज्य खेल मंत्री गौरव गौतम खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचेंगे। इस मौके पर खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल, महासचिव उपकार सिंह विर्क, कोषाध्यक्ष गोविंद शर्मा, हरियाणा एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एडवोकेट वृषभान, सुनीता खत्री (डिप्टी डायरेक्टर, स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट) सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। खो-खो ओलंपिक 2030 में शामिल होकर बढ़ाएगी शान प्रदेशाध्यक्ष जवाहर यादव का कहना है कि खो-खो ऐसा खेल है, जिसमें कम खर्च आता है और सामान्य परिवारों के बच्चे भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। हमारा उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को खेल से जोड़कर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना है। खो-खो ओलंपिक 2030 में शामिल होकर भारत की शान बढ़ाएगा और हमारे खिलाड़ी स्वर्ण पदक जीतेंगे। हमारा लक्ष्य ओलंपिक 2036 है, जिसमें हरियाणा 36 पदक जीतकर नया इतिहास रचेगा।