कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में स्थित डाकघर अब पारंपरिक छवि से बाहर निकलकर एन-जेन (न्यू जेनरेशन) पोस्ट ऑफिस के रूप में नई पहचान बनाने जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं, युवाओं के अनुकूल माहौल और सांस्कृतिक सौंदर्य से सुसज्जित यह पोस्ट ऑफिस विद्यार्थियों और आमजन के लिए एक आकर्षक केंद्र बनेगा। इस अत्याधुनिक एन-जेन पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन 29 जनवरी को हरियाणा सर्किल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल (सीपीएमजी) सचिन किशोर और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। डाकघर में फ्री वाई-फाई, ऑनलाइन पेमेंट, फ्रेंडली सिटिंग एरिया, कैफे जैसी वाइब्स और छात्रों के लिए 10 प्रतिशत विशेष छूट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे न केवल सेवाएं तेज होंगी बल्कि विद्यार्थियों को पोस्ट ऑफिस से जुड़ने का नया अनुभव भी मिलेगा। उद्घाटन से एक दिन पहले रेनोवेशन का काम जारी रहा। कुरुक्षेत्र शाखा के सुपरिटेंडेंट देवराज ने बताया कि इस पोस्ट ऑफिस का रिनोवेशन कुवि विद्यार्थियों की राय और जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है। हरियाणा में हिसार के बाद यह दूसरी एन-जेन पोस्ट ऑफिस ब्रांच है, जो विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित की जा रही है। यह पहल न केवल डाक सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का प्रभावी प्रयास भी है। ललित कला विभाग ने थीम पर आधारित वॉल पेंटिंग तैयार की, जिसे विभागाध्यक्ष डॉ. गुरचरण सिंह के निर्देशन में शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने बनाया।