भाजपा के जिलाध्यक्ष तेजेंद्र ढुल ने कहा कि भाजपा 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जयंती तक आत्मनिर्भर भारत को लेकर जन जागरण अभियान चलाएगी। इसमें स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संकल्प लेने के साथ लोगों को भी जागरूक किया जाएगा। वे आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम को लेकर लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार स्वदेशी अपनाने पर जोर दे रही है ताकि देश आत्मनिर्भर हो सके। भाजपा अगले तीन माह तक लोगों को स्वदेशी अपनाने को लेकर जागरूक करेगी, जिसके तहत युवा, महिला, किसान, व्यापारी सम्मेलन करेगी। स्कूल, कॉलेजों में छात्रों को स्वदेशी अपनाने को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें लोगों को समझाया जाएगा कि स्वदेशी वस्तुओं का ही उपयोग करें ताकि देश को आर्थिक मजबूती मिल सके।