थाना बेरी के अंतर्गत आने वाले गांव दूबलधन में स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चोरों ने स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया। बुधवार सुबह गांव का ही क्लर्क स्कूल में पहुंचा तो स्कूल के कमरों के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा हुआ था। स्कूल में चोरी होने की सूचना स्कूल के प्राचार्य को दी। सूचना मिलने के बाद प्राचार्य पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद बेरी थाने की टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाने के लिए फिंगर एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस को दी शिकायत में विद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य जय सिंह ने बताया कि रात को चोरों ने स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर, लिथियम की लगभग 12 बैटरी, लैंग्वेज लैब की एक बैटरी, इन्वर्टर तथा स्कूल के लगभग सभी कमरों के ताले तोड़े गए हैं। स्कूल में नहीं कोई चौकीदार, तीन वर्ष पहले भी हुई थी चोरी बता दें कि स्कूल में रात का कोई चौकीदार नहीं हैं और लगभग तीन वर्ष पहले भी चोरों ने स्कूल के ताले तोड़कर सामान चोरी किया था। बीती रात को चौकीदार न होने के कारण चोरों ने स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर सामान चोरी कर ले गए।