डोडा क्षेत्र में गहरी खाई में सैन्य वाहन गिरने से देश के वीर जवानों की शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद घटना के बाद बेरी कस्बे में युवाओं द्वारा एक श्रद्धांजलि यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। श्रद्धांजलि यात्रा बेरी नगर पालिका के वार्ड 13 के पार्षद हिमांशु उर्फ पिंटू के नेतृत्व में निकाली गई। श्रद्धांजलि यात्रा की शुरुआत बेरी गोशाला से शुरू होकर मेन बाजार, देवी मंदिर वाली गली, बस स्टैंड से होते शिव चौक पर समाप्त हुई। यात्रा में शामिल युवाओं ने भारत माता की जय और शहीदों अमर रहें जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा, जिससे हर नागरिक की आंखें नम हो गई। बेरी नगर पालिका के पार्षद हिमांशु उर्फ पिंटू ने बताया कि युवाओं ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर गए और उनका यह सर्वोच्च त्याग आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। श्रद्धांजलि सभा के दौरान दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। युवाओं ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि देश के वीर सपूतों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। श्रद्धांजलि यात्रा में दीपक, रवि कादयान, कालू, मिंटू मौजूद रहे।