झज्जर। पूर्व कृषि मंत्री औम प्रकाश धनखड़ ने रविवार को झज्जर अनाज मंडी में फसल उत्पाद की सरकारी खरीद का जायजा लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने पूर्व मंत्री को बताया कि अब तक एक लाख ,62 हजार ,9 क्विंटल बाजरे की और 32 हजार 763 क्विंटल धान की खरीद हुई है। धनखड़ ने कहा कि किसी भी किसान को मंडी में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने देश में सबसे अच्छी खरीद व्यवस्था हरियाणा में की है। उन्होंने कहा कि खेत में फसल खराब होने पर बीमा या मुआवजा मिलता है अब हमारी सरकार मंडी में आए अनाज का भी बीमा करवाने की योजना बना रही है, ताकि किसान और आढ़ती को मंडी में बिक्री के लिए आया फसल उत्पाद बरसात या जलभराव से भीगने पर नुकसान न हो।नुकसान होने पर उचित मुवावजा दिया जा सके। धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी ने किसान हित में बीज से बाजार तक की नीति बनाई है। खेती किसानी को जोखिम फ्री बनाया है। पूर्व मंत्री धनखड़ ने कहा कि किसान भाई अपनी फसल का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर जरूर दर्ज कराते रहें। ताकि किसान हितैषी नीतियों का पूरा लाभ किसान को मिल सके। पूर्व मंत्री ने मंडी में मौजूद किसानों, आढ़तियों और अधिकारियों से पूरी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जिप चेयरमैन कप्तान बिरधाना,वरिष्ठ भाजपा नेता संजय कबलाना मौजूद रहे।