महिला थाना प्रभारी डाॅ. किरण ने कहा कि आपकी एक छोटी सी कॉल किसी की जिंदगी बचा सकती है। जरूरी नहीं कि आप केवल अपने घर में होने वाली हिंसा के लिए कॉल करें बल्कि बाहर हो रही हिंसा के बारे में भी 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दे सकती है। हो सकता है कि किसी के साथ घटने वाली बड़ी घटना होने से बच जाए। वह बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से शहीद रमेश कुमार राजकीय माॅडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर घरों में महिलाएं हिंसा का शिकार हो रही है। कई महिलाएं आगे आ जाती है, लेकिन कुछ दबकर रह जाती है। ऐसी महिलाओं की जानकारी 112 नंबर पर दे ताकि उनको सहायता मिल सके। आपका नाम गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस उम्र में आपका काम पढ़ाई का है। आपके ऊपर अन्य कोई जिम्मेदारी नहीं है, इसलिए पढ़ाई पर फोकस करे। यदि आपके साथ कोई गलत करता है या बोलता है तो तुरंत उसकी सूचना दे। उसे सहन नहीं करें अन्यथा गलत करने वाले की हिम्मत बढ़ जाती है। इसलिए संकोच किए बिना उसका डटकर सामना करें।