एसडीएम अभिनव सिवाच (आईएएस) के नेतृत्व में बादली रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में खेलों के लिए चिन्हित सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन द्वारा हटाया गया। यह कार्रवाई पूर्व में जारी किए गए नोटिसों के क्रम में अमल में लाई गई। एसडीएम अभिनव सिवाच ने बताया कि स्टेडियम की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण किया गया था। अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर पुलिस बल की मौजूदगी में सभी अवैध निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद जिला खेल अधिकारी को एसडीएम ने निर्देश दिए कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर मिट्टी डलवाकर समतलीकरण किया जाए, ताकि यहां खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा सकें। एसडीएम अभिनव सिवाच ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी यदि कोई व्यक्ति सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसडीएम ने मौके पर मौजूद जिला खेल अधिकारी सतेंद्र नांदल को निर्देश देते हुए कहा कि स्टेडियम में आज अतिक्रमण से मुक्त हुई जमीन पर खेल सुविधाएं शुरू करें। उन्होंने कहा कि डीसी साहब के दिशा निर्देश में खेल स्टेडियमों में सुधार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम शुरू किया जा रहा है। लोकनिर्माण विभाग को एस्टीमेट बनाने के आदेश दिए जा चुके हैं। इस कार्य के लिए सीएसआर फंड और उद्यमियों से भी मदद ली जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि स्टेडियम में खिलाड़ियों को सभी ढांचागत और मूलभूत सुविधाएं मिलें।