बहादुरगढ़ से होकर गुजरने वाले कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। मांडोठी गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी को कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद पिकअप में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त पिकअप से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शवों को झज्जर के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। मरने वालों में सुमन और गायत्री हैं। ये गांव गुमथल जिला संभल, यूपी की रहने वाली हैं। गांव के 10-12 लोग घायल हैं। जिनमें करीब 8 लोग पीजीआई रोहतक रेफर किए गए। गोगामेड़ी धाम से दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के संभल जिले के गुमथल से श्रद्धालु पिकअप गाड़ी में सवार होकर राजस्थान स्थित गोगामेड़ी धाम के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु वापस चंदौसी लौट रहे थे। इसी दौरान मंगलवार सुबह मांडोठी गांव के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर उनकी पिकअप गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। घायलों के अनुसार उनकी पिकअप गाड़ी की रफ्तार कम थी। आरोप है कि पीछे से आए कैंटर ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैंटर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने संभाला मोर्चा, यातायात कराया सुचारू हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर केएमपी एक्सप्रेसवे पर यातायात को सुचारू कराया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस फरार कैंटर चालक की तलाश में जुटी है।