फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहादुरगढ़ एक्सईएन साहब... बोतल में गंदा पानी दिखाकर बोले लोग- आप यह पानी पीकर दिखा दो

बहादुरगढ़। लाइनपार स्थित वार्ड पंच में करीब दो महीने से दूषित पेयजल आपूर्ति होने से लोग परेशान हैं। बदबूदार और सीवर के पानी से मिश्रित पेयजल की शिकायत कई बार अधिकारियों से करने के बावजूद समाधान नहीं होने पर मंगलवार को वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। पार्षद प्रतिनिधि कर्मवीर शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता अमन मोर के कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। लोगों ने बोतल में दूषित पानी लेकर एक्सईएन को दिखाते हुए कहा कि एक्सईएन साब.., आप यह पानी पीकर दिखा दो, हम दोबारा आपके पास शिकायत लेकर नहीं आएंगे। इस पर एक्सईएन ने कहा कि आपकी समस्या जायज है। इसे जल्द ही दूर कर दिया जाएगा। वार्डवासी किशोर कुमार, सतपाल, मान सिंह, रिशाल सिंह, निखिल, रामबीर, बिजेंद्र और देवेंद्र पाल शर्मा आदि ने कहा कि करीब दो माह से घरों में बेहद बदबूदार पानी आ रहा है। पानी में सीवर का दूषित पानी मिक्स होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। दूषित पानी के कारण वार्ड के कई लोग बीमार हो चुके हैं और अब भी बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने कहा कि रोजमर्रा के काम और पीने के लिए उन्हें मजबूरी में दूसरा पानी खरीदना पड़ रहा है। कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। अब लोगों का धैर्य जवाब दे चुका है। पार्षद प्रतिनिधि कर्मवीर शर्मा ने कहा कि लोगों को साफ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। यदि एक सप्ताह के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वार्डवासी भूख हड़ताल शुरू करने के साथ बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों से तत्काल पाइपलाइन की जांच कर दूषित पानी की समस्या दूर कराने और साफ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इस बारे में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता अमन मोर ने कहा कि वार्ड पांच की पेयजल समस्या का समाधान जल्द ही किया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें