हांसी-तोशाम रोड पर नहर के पुल के पास एक 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुलदीप के रूप में हुई है, जो ढाणी राजू में अपने मामा के घर रह रहा था और हांसी में मजदूरी का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुलदीप पैदल जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। मृतक के मामा हरीश ने बताया कि कुलदीप उनकी बहन का बेटा था और हांसी में मजदूरी करता था। वह रात को घर पर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश करने के बाद उसका शव हांसी-तोशाम रोड पर नहर के पुल के पास मिला। परिजनों ने मामले में उचित कार्रवाई करने और घटना की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।