गांव नियाणा में सोमवार अलसुबह करीब 2 बजकर 10 मिनट पर चोर ने एक मकान व दुकान को निशाना बनाया। चोर मकान से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। दुकान का ताला तोड़ कर चोरों ने हजारों रुपये की चोरी की। चोरी के बाद चोर छत से कूद गया जिससे उसके पैर में चोट आई। वह लठ के सहारे लंगडाते हुए जाते हुए की वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव नियाणा निवासी साधुराम ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 2 बजे चोरों ने उसके मकान में घुसकर अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ली।चोर छत के रास्ते घर के अंदर घुस आए। चोर घर की छत से छलांग मार रहा था तो गिर पड़ा। वह गली से लंगड़ाते हुए निकल गया। चोर को देखकर कुत्ते भौंकने लगे। कुत्तों की आवाज सुनकर वह और गांव के लोग जाग गए। उसने अलमारी खुली देखकर बाहर निकल कर भाग रहे आरोपी का पीछा किया तो उसके साथ झड़प हो गई। झड़प के दौरान उसे भी चोट आई है। लंगड़ा कर भाग रहा चोर मौके से फरार हो गया। घायल साधुराम को जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। साधुराम ने बताया कि गांव में ही एक दुकान का ताला तोड़ कर उसके अंदर से भी चोर हजारों रुपये की नकदी व सामान चोरी कर ले गए। जानकारी के अनुसार चोर भी इसी गांव का रहने वाला है। वह नशा करता है। पहले भी उस पर कुछ केस दर्ज हैं। सीसीटीवी कैमरे में हुआ कैद : पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की। पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीसीटीवी में आरोपी लंगड़ा कर भागता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस आरोपी चोर को तलाश कर रही है। जांच अधिकारी एएसआई शमशेर ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की पहचान ली कर ली गई है। जल्द ही चोर को पकड़ लिया जाएगा।