हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने से किसानों को बड़ी राहत मिली है। हांसी में पिछले दो दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है। प्रदेश के अन्य जिलों में हुई बारिश का असर हांसी में भी देखने को मिला है, जिससे पहले की तुलना में उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। यदि बारिश होती है तो तापमान में और गिरावट आने के साथ लोगों को गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश के कारण खेतों में खरीफ फसलों की बुवाई के लिए सोने पर सुहागे का काम हो गया हैं। बारिश का फायदा किसानों को मिल रहा है और बुवाई का कार्य तेज होने की उम्मीद है। आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में बारिश की संभावना जताई है। यदि बारिश होती है तो इसका सीधा लाभ यहां के किसानों को मिलेगा। खेतों में नमी बढ़ने से बुवाई आसान होगी और फसलों की बेहतर शुरुआत होने की उम्मीद है। तापमान में गिरावट और ठंडी हवाओं के चलते मौसम पहले की तुलना में अधिक सुहावना महसूस किया जा रहा है। हांसी निवासी लवकेश कुमार ने बताया कि पिछले दो दिनों से मौसम काफी सुहावना हो गया है। उमस भरी गर्मी से राहत मिली है और अब लोगों को पहले की अपेक्षा अधिक आराम महसूस हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में बारिश होने से मौसम और बेहतर होगा।