अमर उजाला शिक्षक सम्मान के तहत पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भाटोल में छात्र मतदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांव खरखड़ा भाटोल स्थित विद्यालय में आयोजित इस पहल के तहत विद्यार्थियों ने अपने पसंदीदा शिक्षकों के चयन के लिए मतदान किया। मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 1 बजे तक चली। आपको बता दें कि करीब तीन घंटे चली मतदान प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। छात्र अपने पसंदीदा शिक्षकों को वोट देने के लिए लाइन में खड़े नजर आए। विद्यार्थियों के मतदान के आधार पर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले और छात्रों के बीच लोकप्रिय शिक्षकों का चयन कर उन्हें अमर उजाला शिक्षक सम्मान के तहत सम्मानित किया जाएगा। पहली बार इस तरह की मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेने को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं गीतू, खुशबू, मनु और निशु ने कहा कि उन्हें पहली बार इस तरह वोटिंग करने का मौका मिला, जो काफी अच्छा लगा। उन्होंने ऑनलाइन मतदान के दौरान अपने पसंदीदा और सबसे अच्छे शिक्षक का चयन किया। विद्यालय में मतदान को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपने पसंदीदा शिक्षकों का चयन किया और शिक्षक सम्मान की इस पहल को सराहा। विद्यालय की प्रिंसिपल नीलम दलाल ने कहा कि अमर उजाला की ओर से यह काफी सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस पहल से बच्चों ने काफी कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन वोटिंग के माध्यम से मतदान करने का अनुभव विद्यार्थियों के लिए भविष्य में लोकतंत्र के पर्व चुनाव में मतदान करने के दौरान भी उपयोगी साबित होगा। आज बच्चों ने ऑनलाइन वोटिंग करके मतदान की प्रक्रिया को समझा और सीखा है।