हिसार के एमएसपी की मांग तथा पंजाब के किसानों को दिल्ली जाने के लिए रोड खाली करने की मांग को लेकर जिले के विभिन्न गांवों से आए किसान सोमवार को सांसद जयप्रकाश के आवास के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे। धरने पर बैठे किसानों ने कहा कि तीन साल बाद भी एमएसपी की मांग को लेकर कुछ नहीं किया गया।किसानों की दूसरी मांगों पर भी आज तक सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया। सांसद जयप्रकाश के आवास के बाहर धरने पर बैठे भारतीय किसान नौजवान सभा के सदस्य एडवोकेट हर्षदीप गिल ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसान आज सासंद आवास पर आए हैं। देश भर में सांसद, मंत्रियों के आवास के बाहर धरना दिया जा रहा है। पिछले लंबे समय से खनौरी बार्डर,शंभू बार्डर पर किसान धरना दे रहे हैं। हम उन किसानों के समर्थन में यहां बैठे हैं। हमारे किसान नेता 70 साल की आयु तथा कैंसर के मरीज होने के बाद पिछले 14 दिन से भूख हड़ताल पर हैं। पहले सरकार ने कहा कि आप ट्रैक्टर ट्राली लेकर नहीं जा सकते। अब किसान पैदल जाना चाहते हैं तो उन पर भी गोलियां ,गोले बरसाए जा रहे हैं। पूरे देश के किसान एक साथ एकजुट होकर अपने हकों की लड़ाई लड़ेंगे। किसानों के हर एक मुददे की अनदेखी की जा रही है। किसानों को पहले डीएपी नहीं दिया गया अब यूरिया नहीं दिया जा रहा। जिससे उत्पादन में गिरावट आएगी किसानों को भारी नुकसान होगा। राहुल गांधी से मांग करते हैं कि वो एमएसपी को लेकर प्राइवेट बिल लेकर आएं। दशरथ मलिक देपल ने कहा कि सरकार को तानाशाही रैवया नहीं अपनाना चाहिए। हम सांसद जयप्रकाश से मांग करने आए हैं कि केंद्र में हमारी मांग को उठाएं। इस मौके पर कृष्ण सिंह पाली, कृष्ण देपल, संदीप सिंह, जगबीर ढंढेरी, राजेश सिसाय, राममेहर सिवाच, बिजेंद्र भाटला ,मुकेश मलिक सहित अन्य उपस्थित रहे।