केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर 12 फरवरी को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर कर्मचारी संगठन तैयार हैं। अपनी एकता का प्रदर्शन करने के लिए सर्व कर्मचारी संघ ब्लॉक हिसार के सदस्यों ने बुधवार को मोटरसाइकिल जत्था निकाला। दूसरी ओर जिलाधीश महेंद्र पाल ने 12 फरवरी की हड़ताल को देखते हुए धारा 163 लागू की है। जिला प्रशासन की ओर से रोडवेज परिसर में बसों के सामान्य संचालन को लेकर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सर्व कर्मचारी संघ ब्लॉक वरिष्ठ उपप्रधान अशोक शर्मा की अगुवाई में मोटरसाइकिल जत्थे ने शहर के प्रमुख बाजारों व मार्गों पर आम जनता से राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने की अपील की। जिला प्रधान अशोक सैनी व सचिव ओमप्रकाश माल ने कहा कि सरकार जिस प्रकार से जनविरोधी फैसले ले रही है। इसके तहत सरकारी विभागों का निजीकरण किया जा रहा है। कौशल रोजगार निगम के माध्यम से युवाओं का शोषण किया जा रहा है। सरकार की नीतियों के कारण महंगाई व बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने सरकार की जनविरोधी व कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।