हरियाणा विधानसभा के अधिकारियों से लेकर चपरासी कामकाज के नए गुर सीखेंगे। इससे उनकी क्षमता बढ़ेगी। प्रशिक्षण के लिए हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) को नोडल एजेंसी बनाया गया है, जो कि विधायी प्रशिक्षण के लिए विशेष विंग स्थापित करेगा। हिपा ने इसका विस्तृत खाका खींच लिया है। विधान सभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने बताया, अतीत में शुरू किए गए कार्यों को लोक सभा के सहयोग से आगे बढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही कार्य की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कुछ नए नवाचार किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण की यह पहल प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के विजन से जुड़ी एक ठोस योजना है, जिससे संस्थागत कार्य संस्कृति में दक्षता और गतिशीलता बढ़ेगी। आने वाले समय में विधान सभा की अनुसंधान विंग को और मजबूत करेंगे तथा प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के एक राष्ट्र-एक विधान के सपने को पूरा करने के लिए हर कारगर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन में यह कार्य समुचित ढंग से हो रहा है।