हरियाणा के फरीदाबाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फरीदाबाद के धौज में डॉक्टर के घर से भारी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ है। लेकिन आरडीएक्स नहीं मिला है। कमरे से 14 बैग, 2 ऑटोमैटिक पिस्टल, 84 कारतूस, पांच लीटर केमिकल और एके-47 बरामद की गई है। धौज इलाके में हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मुजाहिल शकील की निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई है। एक गाड़ी से जम्मू-कश्मीर पुलिस की 5 लोगों की टीम आई थी। करीब 7-8 घंटे पूछताछ और सर्च अभियान चला। यूपी के सहारनपुर से जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंधों के चलते अनंतनाग के रहने वाले एक डॉक्टर आदिल अहमद को गिरफ्तार किया था। इसी कड़ी में कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद में किराए पर रह रहे डॉक्टर के कमरे में छापा मारा। बताया जा रहा है कि कश्मीरी डॉक्टर मुजाहिल शकील ने फरीदाबाद में किराए पर कमरा लिया था। आरोपी डॉक्टर यहां रहता नहीं था। उसने केवल सामान रखने के लिए कमरा लिया था।