भिवानी। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की बैठक वीरवार को अशोका रोड स्थित पवन बुवानीवाला आवास पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुई। बैठक लेने के उपरांत पत्रकार वार्ता में बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा के विकास के लिए सरकार को महाराजा अग्रसेन के नाम पर स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआई ) की स्थापना करनी चाहिए। भिवानी सहित पूरे पश्चिमी हरियाणा के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। हरियाणा में पीजीआई बनने से सिरसा, फतेहाबाद, आस पास जिला के अलावा पंजाब, राजस्थान के लाखों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को अपनी घोषणा के अनुसार हिसार-फतेहाबाद-सिरसा को रेल लाइन से जोड़ने की दिशा में तुरंत कार्य शुरू करना चाहिए। हिसार-सिरसा लगभग 93 किलोमीटर रेल लाइन को केंद्र सरकार द्वारा वार्षिक बजट में मंजूरी दिए जाने के बावजूद आज तक धरातल पर कार्य शुरू नहीं हुआ है। जिससे वैश्य समाज सहित पूरे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि रेल लाइन बनने से हिसार, फतेहाबाद और सिरसा के बीच व्यापार, उद्योग, कृषि तथा रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। बजरंग गर्ग ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित किया जाए। गर्ग ने कहा कि आज देश को भी महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। यदि समाज के सक्षम लोग जरूरतमंद परिवारों की शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता के लिए आगे आएं तो देश में सामाजिक एवं आर्थिक असमानता को काफी हद तक कम किया जा सकता है। बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धाम में 25 अक्तूबर को वार्षिक मेला हर दृष्टिकोण से ऐतिहासिक होगा। जिसमें देश व प्रदेश से भारी संख्या में लोग भाग लेंगे। प्रदेश महासचिव पवन बुवानीवाला ने कहा कि अग्रोहा धाम मेले में भिवानी जिले से बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। पवन बुवानीवाला ने कहा कि अग्रोहा महाराजा अग्रसेन की धर्म नगरी है जिसके साथ वैश्य समाज की आस्था जुडी हुई है।