भिवानी में बवानीखेड़ा कस्बे के गांव बलियाली में एक महिला ने अपने लाडले को लावारिस हालत में छोड़कर अज्ञात परिस्थितियों के चलते गायब हो गई। जिसके बाद बीमारी के चलते 4 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने नाना के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई कर भिवानी के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा उसके नाना को सौंप दिया। पुलिस को दी शिकायत में बलियाली निवासी अमर सिंह ने बताया कि उसने अपनी लड़की की शादी मंगाली हिसार में की हुई थी। जिसका एक बेटे भी है। उसने बताया कि पिछले एक साल से उसकी लड़की की ससुराल पक्ष के साथ मनमुटाव के चलते वह अपने मायके बलियाली रह रही थी। पिछले 10-15 दिन पहले वह अचानक अपने पुत्र सहित घर से गायब हो गई। लेकिन 2 दिन पहले वह अपने पुत्र 4 वर्षीय प्रिंस को बीमारी हालत में बलियाली के बस अड्डे पर छोड़कर कहीं चली गई तथा उसने जाते समय प्रिंस की सूचना अपने पड़ोसियों को फोन द्वारा दी। सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने प्रिंस के नाना को जानकारी दी। नाना अमर सिंह प्रिंस को लेकर बवानी खेड़ा के नागरिक अस्पताल लेकर आए। लेकिन बीमार अधिक होने के चलते उसे भिवानी रेफर कर दिया। लेकिन वहां भी स्थिति गंभीर होने के चलते उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। लेकिन हालात को देखते हुए उसके नाना उसे अपने घर बलियाली ले आए। देर रात्रि प्रिंस ने दम तोड़ दिया। वहीं नाना ने इसकी लिखित सूचना पुलिस में दी। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक प्रिंस के शव को अपने कब्जे में ले भिवानी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा नाना को सौंप दिया।