साहलेपुर गांव में चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां शातिर चोरों ने किसी बड़े वाहन की जगह एक कार का इस्तेमाल कर 15 भेड़ें चोरी कर लीं। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। शनिवार देररात करीब तीन चोर कार में सवार होकर आए थे। चोरों ने बड़ी चालाकी से बाड़े में घुसकर एक-एक कर 15 भेड़ों को कार की पिछली सीटों और डिग्गी में ठूंस कर भाग गए। इन भेड़ों की बाजार में कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। रविवार सुबह बाड़ा खाली देखकर पशु पालक के होश उड़ गए। इस वारदात से ग्रामीणों में रोष है। 20 दिन पहले ही मुलाना थाना क्षेत्र के कालपी गांव में भैंस चुराने आए तीन चोरों ने एक बुजुर्ग की गंडासी से हत्या कर दी थी व एक बुजुर्ग को घायल कर दिया था। साहलेपुर निवासी पीड़ित के भतीजे मुकेश कुमार ने बताया कि उनके चाचा ने शनिवार को रोजाना की तहर अपने घर के बाड़े में भेंड़ें बांध रखी थी। रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर आए चोरों ने भेंड़ें चुरा ली। चोरी हुई भेड़ों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।