स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. भवनिष ने शनिवार को अंबाला के नागरिक अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और विशेष रूप से चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव और उनकी कार्यक्षमता की जांच की। खुद उपकरणों की फोटो लेकर डिप्टी डायरेक्टर अपनी रिपोर्ट तैयार करते रहे। निरीक्षण की शुरुआत अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल से हुई। यहां उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और लैब का दौरा किया। उन्होंने मौके पर मौजूद स्टाफ से मशीनों और उपकरणों की वर्किंग रिपोर्ट मांगी। डॉ. भवनिष ने निर्देश दिए कि अस्पताल में मौजूद हर उपकरण चालू हालत में होना चाहिए ताकि मरीजों को निजी केंद्रों के चक्कर न काटने पड़ें। कैंट और मुलाना में भी लिया जायजा, तैयार की अपनी रिपोर्ट सिटी अस्पताल के बाद डिप्टी डायरेक्टर अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में पहुंचे। यहां उन्होंने व्यवस्थाओं को देखा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर संतोष जताया। इसके पश्चात उन्होंने मुलाना के अस्पताल का भी निरीक्षण किया।