गोरखनाथ थाना क्षेत्र के रामपुर नयागांव में तीन लाख रुपये के विवाद ने भाई-बहन के रिश्ते को कलंकित कर दिया। 19 वर्षीय नीलम निषाद की हत्या उसके सगे भाई रामआशीष निषाद ने गला दबाकर की और शव को बोरे में भरकर कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने बुधवार देर रात आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया।
नीलम 27 अक्तूबर की शाम घर से निकली थी और फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और अगले दिन भाई रामआशीष पर हत्या का शक जताया। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो पहले उसने बताया कि वह पत्नी के पास कुशीनगर के कप्तानगंज गया था। मगर सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज ने उसकी कहानी उजागर कर दी।
फुटेज में सोमवार शाम रामआशीष बोरे में कुछ भरकर बाइक पर ले जाता दिखा। रास्ते में कई बार बोरा गिरा, जिसे वह जल्दी-जल्दी उठाता नजर आया। स्थानीय महिला सुदामी देवी ने भी पुलिस को बताया कि उन्होंने उसे बोरा ले जाते देखा था। जब पुलिस ने सबूत दिखाए, तो आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया।
उसने बताया कि तीन लाख रुपये के विवाद को लेकर बहन से झगड़ा चल रहा था। नीलम की शादी के लिए रखे रुपये न देने पर उसने गुस्से में घर में ही रस्सी से गला दबाकर हत्या की और शव को बोरे में भरकर लगभग 70 किमी दूर कुशीनगर ले जाकर गन्ने के खेत में फेंक दिया।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। परिवार घटना से सदमे में है और आरोपी बेटे को कोस रहा है।