स्वतंत्रता दिवस में अभी दो सप्ताह से अधिक का समय बाकी है, लेकिन दिल्ली के बाजारों में देशभक्ति का उत्साह अभी से दिखाई देने लगा है। दिल्ली के लाजपत नगर, सदर बाजार, चांदनी चौक, सरोजिनी नगर, पालिका बाजार, करोल बाग और अन्य प्रमुख बाजारों में तिरंगे की बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली है। दुकानों के बाहर छोटे बड़े राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे की झालर, कार और बाइक पर लगाने वाले फ्लैग, बैज, कैप, ब्रेसलेट और क्लैचर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक बाजारों में खरीदारों की आवाजाही बनी हुई है।