दिल्ली में हवा की गति कम होने के चलते फिजा छह दिन के बाद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। ऐसे में बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 204 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है। इसमें मंगलवार की तुलना में 73 सूचकांक की वृद्धि दर्ज की गई। दूसरी ओर एनसीआर में ग्रेटर नोएडा की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 296 दर्ज किया गया, यह हवा की खराब श्रेणी है। वहीं, गुरुग्राम में 262, गाजियाबाद में 260 और नोएडा में 221 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा, फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां सूचकांक 163 दर्ज किया गया। यह हवा की मध्यम श्रेणी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे के गति से चली। वहीं, अनुमानित अधिकतम मिश्रण गहराई 3900 मीटर रही। इसके अलावा, वेंटिलेशन इंडेक्स 25500 मीटर प्रति वर्ग सेकंड रहा। दूसरी ओर, शाम चार बजे हवा में पीएम10 की मात्रा 221.3 और पीएम2.5 की मात्रा 83.7 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। ऐसे में सीपीसीबी का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को हवा फिर से मध्यम श्रेणी में पहुंच जाएगा।