विश्व रक्तदाता दिवस पर शनिवार को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित कैलाश इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में रक्तदान शिविर लगा। आयोजन राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इस दौरान 35 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदाताओं में अभिषेक, भरत पाठक, अंशिका, मोनिका शर्मा, हिमांशू, लवी, अमन, जतिन, दीपक और निशा रावत आदि शामिल रहे। सभी को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सराहनीय पहल ने युवाओं के बीच सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ाया। शिविर की शुरुआत में संस्थान के डायरेक्टर संदीप गोयल और जिम्स ब्लड बैंक की अध्यक्ष डॉ. शालिनी बहादुर ने रक्तदान के महत्व और लाभ की जानकारी दी। बताया कि नियमित रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। इस दौरान छात्रों को रक्तदान की शपथ भी दिलाई गई। मौके पर डॉ. सबाअख्तर, डॉ. नितिन कुमार, उमा अवस्थी, रचना खन्ना, विवेक झा आदि मौजूद रहे।