अमर उजाला की ओर से आयोजित जूनियर शतरंज प्रतियोगिता-2025 का शनिवार को सेक्टर-58 स्थित यश मेमोरियल स्कूल में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा 3 से 9 तक तक के कुल 55 छात्रों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। मुकाबला सुबह 11 बजे शुरू हुए और दोपहर 2 बजे तक रोमांच बना रहा। मुकाबले को जूनियर और सीनियर वर्गों में बांटा गया। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्या संध्या भारद्वाज, कोऑर्डिनेटर निटी कौर और खेल प्रभारी प्रशांत चौधरी की देखरेख में आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस वर्ष की प्रतियोगिता दो आयु वर्गों 5 से 12 वर्ष (जूनियर) और 13 से 18 वर्ष (सीनियर) में विभाजित की गई है। प्रत्येक मैच के लिए 15-15 मिनट का समय निर्धारित था, जबकि टाई की स्थिति में 5 मिनट अतिरिक्त दिए गए। मुकाबले चार राउंड तक चले, और जैसे-जैसे हर राउंड आगे बढ़ा, खेल का रोमांच भी कई गुना बढ़ता गया। कई मैच इतने रोमांचक रहे कि जीत-हार का फैसला अंतिम मिनटों में हुआ। करीब तीन घंटे तक चले आयोजन के बाद दोनों वर्गों में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया। शतरंज प्रतियोगिता के सभी मानक और दिशा-निर्देश उत्तर प्रदेश शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन की निगरानी में पूरे किए जा रहे हैं।