नोएडा जिले की मिट्टी बहुत उपजाऊ नहीं है, फिर भी अब यहां खेती आसान होगी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नोएडा के वनस्पति विज्ञान विभाग ने प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार गुप्ता के निर्देशन में हाइड्रोपोनिक्स खेती की शुरुआत की है। इस तकनीक में पौधों को मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों वाले पानी में उगाया जाता है। कम जगह और कम पानी में सलाद पत्ता, पालक, धनिया और टमाटर जैसी सब्जियां महाविद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक उगाई जा रही हैं। पौधों को बढ़ने के लिए जरूरी रोशनी, तापमान और पोषण का खास ध्यान रखा जाता है,जिससे पौधे जल्दी और अच्छी गुणवत्ता के साथ बढ़ते हैं। प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने कहा कि हाइड्रोपोनिक्स खेती भविष्य की जरूरत है और कम उपजाऊ मिट्टी वाले इलाकों में भीउच्च गुणवत्ता की उपज दे सकती है। डॉ. संघमित्रा ने बताया कि इस तकनीक से उगाई गई फसल पूरी तरह जैविक और स्वास्थ्यवर्धक होती है। छात्र सौरव, अतुल, आनंद, हैना, प्रियांशी, अनुष्का, तमन्ना, राहुल और रिंकी ने पौधों की देखभाल और पोषण घोल बनाना सीखा, जिससे उन्हें शोध और नए प्रयोगों का अनुभव मिलेगा।