जिले की बड़ी आवासीय टाउनशिप में शामिल जेपी ग्रीन्स विशटाउन में मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली के विरोध में शुक्रवार से निवासियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। जेपी कॉसमॉस के सीनियर सिटीजन क्लब में बड़ी संख्या में निवासी एकत्र हुए और नोएडा प्राधिकरण, विधायक व सांसद के खिलाफ नारेबाजी कर जवाब मांगा। निवासियों का कहना है कि पहले से रखरखाव शुल्क देने के बावजूद उन्हें सड़क, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ऐसे में साझा क्षेत्रों के रखरखाव के नाम पर अलग से शुल्क वसूलने का आधार स्पष्ट किया जाए। निवासियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, धरना जारी रहेगा।