ग्रेटर नोएडा में दादरी क्षेत्र के कचेडा वारसाबाद गांव में महाराजा नैन सिंह कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची 50 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दमखम और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी पहुंचे। आयोजक सुबोध नागर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, मजबूत डिफेंस और आक्रामक रेड के जरिए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और अंतिम क्षणों तक परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी रही। आयोजकों ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्थानीय लोगों ने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की।