नए साल के पहले दिन नोएडा के सेक्टर 33 स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान कृष्ण के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सैकड़ों भक्त सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगे और देर शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के भव्य श्रृंगार और आकर्षक सजावट ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। नए साल के शुभ अवसर पर मंदिर में विशेष आरती और भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तगण भक्ति रस में डूबते नजर आए। मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि नए साल की शुरुआत भगवान कृष्ण के दर्शन और आशीर्वाद से करना उनके लिए बेहद शुभ है। श्रद्धालुओं ने अपनी खुशहाली और परिवार की मंगलकामना के लिए प्रार्थना की।