गुरुग्राम में उमंग भारद्वाज चौक से हीरो होंडा चौक तक करीब 76 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क महज तीन महीने में ही उखड़ गई है। एक बरसात भी नहीं झेल पाने वाली इस सड़क की हालत अब इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों को जर्जर सड़क से गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि पहले सड़क निर्माण के दौरान धूल-मिट्टी से परेशानी झेलनी पड़ी थी। निर्माण पूरा होने के बाद थोड़ी राहत मिली थी लकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाई और अब सड़क के उखड़ने से हालात पहले से भी बदतर हो गए हैं।