हरियाणा सरकार द्वारा अध्यापक नेताओं की गिरफ्तारी को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने लोकतंत्र पर हमला बताया है। शिक्षकों की रिहाई के लिए गुरुग्राम जिला कमेटी ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। संघ ने अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण की मांग की।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य सचिव रामनिवास ठाकरान ने अध्यापक नेताओं की गिरफ्तारी की निंदा की। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला करार दिया। ठाकरान ने कहा कि शांतिपूर्ण मांग उठाना सांविधानिक अधिकार है। सरकार पुलिस बल से शिक्षकों की आवाज दबा रही है।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य सचिव सत्यनारायण यादव ने बताया कि अतिथि अध्यापक 23 जून से कुरुक्षेत्र में पड़ाव डाले हैं। वे नियमितीकरण की मांग को लेकर पांच प्रदर्शन कर चुके हैं। सरकार मांगों का समाधान करने के बजाय आंदोलन कुचल रही है। हजारों शिक्षकों को हिरासत में लेना लोकतंत्र विरोधी मानसिकता उजागर करता है। अतिथि अध्यापकों का नियमितीकरण कोई नई मांग नहीं है। वे 2005-06 से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सेवाएं दे रहे हैं।