मसूरी में हादसे के बाद बसों का संचालन बंद रहा। रोजाना सफर करने वाली सवारियां परेशान रही। एनएच नौ अंडरपास में बृहस्पतिवार को थ्री व्हीलर्स भी कुछ कम ही चलते देखे गए। हादसे की शिकार हुई रेशमा के पति ने बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। एनएच नौ अंडरपास में खड़ी सिटी ई बस बिना चालक के स्वत: चलने से पिपलैड़ा रोड पर खड़ी सवारियों पर चढ गई। जिससे एक मासूम व एक महिला की मृत्यु हो गई और दो पुरुष व दो बच्चियां घायल हो गईं। जिनको अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। सिटी इलेक्ट्रॉनिक ई-बसों का संचालन मसूरी से दिलशाद गार्डन तक किया जाता है। ये बसें रोजाना सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक मसूरी गाजियाबाद दिलशाद गार्डन तक सवारियों को लाती ले जाती हैं। इन बसों में सफर करने के लिए सवारियां मसूरी अंडरपास पर अक्सर खड़ी रहती हैं। बुधवार की दोपहर हादसे के बाद से मसूरी से ई-बसों का संचालन बंद है। एसीपी यातायात जियाउद्दीन ने बताया कि उन्हें बसों के संचालन न होने की जानकारी नहीं है। सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि बसों के संचालन की उन्हें जानकारी नहीं है। बस चालक सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि वह और परिचालक नितिन कुमार बस के पास खड़े होकर सवारियां बैठा रहे थे। बस में एक महिला सिपाही के अलावा तीन सवारियां और बैठी थीं। बस स्टार्ट खड़ी थी तभी अचानक बस स्वत:आगे की ओर तेजी से चलने लगी। वह कुछ समझ पाते इतने में वहां दुर्घटना घट गई और चीखपुकार मच गई। वे डर गये और वहां से भाग गये। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मृतका के पति मुस्तफा पुत्र इंशाअल्लाह निवासी जाफर कालोनी मसूरी की दी तहरीर के आधार पर बस चालक नाम पता अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करली गई। पुलिस ने देर रात बस चालक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।