फरीदाबाद शहर में मंगलवार को हुई बारिश के चलते प्रमुख चौराहों पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही। करीब शाम पांच बजे के बाद से ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी हो गई, जो रात करीब नौ बजे तक जारी रही। वायएमसीए चौक, बीके चौक, नीलम चौक, अजरौंदा चौक, एनआईटी-तीन मस्जिद के पास और पारा क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए। दफ्तरों से लौटने वाले लोग जाम में फंसे रहे और तय समय से काफी देर से अपने गंतव्य तक पहुंच सके। प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी बारिश में खड़े होकर जाम को नियंत्रित करते नजर आए। पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन भारी दबाव के कारण स्थिति सामान्य होने में समय लगा।