कूर्मांचल सांस्कृतिक व कल्याण परिषद, गढ़ी शाखा की ओर से आयोजित मां नंदा उत्सव का बुधवार को समापन हो गया। गणेश पूजन के बाद मां नंदा सुनंदा देवी की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। इस मौके पर द्रोणनगरी जय मां नंदा, जय मां सुनंदा के जयकारों से गूंजी उठी।अरण्य विहार, कौलागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की धर्मपत्नी निर्मला जोशी समेत सैकड़ों भक्तों ने हिस्सा लिया। विधायक सविता कपूर ने भी मां का आशीर्वाद लिया। शाखा सचिव बबीता साह लोहनी ने बताया, यह उत्सव हमारा प्रथम प्रयास रहा। उत्तराखंड की देवी के दर्शन और कीर्तन के लिए स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर मशकबीन, ढोल दमाऊ और छोलिया नृत्य की प्रस्तुति ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। पहाड़ी वाद्ययंत्रों और छोलियारों के साथ मां का डोला भ्रमण अरण्य विहार कौलागढ़ से होता हुआ ग्राम देवता मंदिर, पीपल चौक, टपकेश्वर रोड से होते हुए प्राचीन टपकेश्वर महादेव की तमसा नदी तक पहुंचा, जहां मां के जयकारों के साथ मूर्ति का विसर्जन किया गया।