गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला के भदौरा गांव में जहरीले सांप को पकड़कर गले में डालने और उसके साथ मस्ती करने का वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आए संतराम भैना की तबीयत फिर बिगड़ गई है। सांप के डसने के बाद हालत खराब होने पर परिजन और ग्रामीण उसे दोबारा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
संतराम ने बताया कि वह पड़ोसी के घर गया था। वहां एक सांप घुस गया था, जिसे उसने पकड़ लिया। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने सांप को छेड़ दिया, जिससे वह आक्रामक हो गया और उसने संतराम को डस लिया। संतराम ने माना कि घटना के समय वह शराब के नशे में था और उसी हालत में उसने सांप के साथ जोखिम उठाया।
पहली बार अस्पताल से चला गया था घर
संतराम के मुताबिक, सांप के डसने के बाद उसे पहली बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय वह अकेला था। इलाज के दौरान तेज प्यास लगने पर वह अस्पताल से निकलकर घर चला गया। इसके बाद उसकी तबीयत दोबारा बिगड़ने लगी तो परिजन और ग्रामीण उसे लेकर अस्पताल पहुंचे।
एंटी-स्नेक वेनम देकर निगरानी में रखा
डॉक्टरों के अनुसार संतराम को एंटी-स्नेक वेनम (ASV) की डोज दी जा रही है। उसके हाथ में सूजन है और डॉक्टर लगातार उसकी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि सूजन कम होने तक उसे अस्पताल में भर्ती रखकर उपचार दिया जाएगा। अगले दो दिनों तक उसकी हालत पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
गौरतलब है कि संतराम का फन फैलाए जहरीले सांप को गले में डालकर नाचते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। अब सांप के डसने के बाद अस्पताल में भर्ती होने की घटना ने एक बार फिर लोगों को चौंका दिया है। संतराम ने इस घटना से सबक लेते हुए शराब छोड़ने और भविष्य में सांपों के साथ ऐसी लापरवाही नहीं करने की बात कही है।