हिंदू धर्म में सप्ताह के सभी वार किसी न किसी देवता या फिर ग्रह को समर्पित होते हैं। रविवार का दिन ग्रहों के राजा, ऊर्जा के मुख्य आधार सूर्यदेव को समर्पित है। ज्योतिष में सूर्यदेव आत्मा, मान-सम्मान, प्रसिद्धि और राजा का कारक माना गया है। रविवार के दिन सूर्य उपासना का विशेष महत्व होता है। इस दिन व्रत रख भगवान सूर्य की पूजा और दान करना बहुत ही शुभ माना जाता है। रविवार के दिन अगर कुछ उपाय किया जाय तो व्यक्ति के जीवन में आने वाले सभी संकट जल्द से जल्द दूर हो जाते हैं और शुभ फलों की लगातार प्राप्ति होने लगती है।
रविवार का दिन भगवान सूर्यदेव की उपासना के लिए श्रेष्ठ माना जाता है। रविवार के दिन प्रत्यक्ष देवता सूर्य की पूजा करने से कुंडली में ग्रहों की स्थिति मजबूत हो जाती है। ग्रंथों के अनुसार हफ्ते भर में सूर्य को दिए जल से कई गुना ज्यादा पुण्य रविवार के दिन सूर्य को अर्पित करने से मिलता है। रविवार के दिन सूर्य उपासना के दौरान कुछ उपायों को करने से जीवन में सुख-शांति,आरोग्य और मान-सम्मान की प्राप्ति होती है। आइए जानते हैं रविवार के उपायों के बारे में।
सूर्य को जल अर्पित करें
रविवार के दिन सूर्य देव को जल देने से पुण्य में कई गुने की वृद्दि होती है। रविवार के दिन सुबह स्नान करने के बाद तांबे के लोटे में जल, अक्षत, लाल फूल डालकर सूर्यदेव को अर्घ्य दें और जल अर्पित करते हुए सूर्यदेव के मंत्र- ऊं सूर्याय नम: का जाप अवश्य ही करना चाहिए। रविवार के दिन लाल कनेर के फूल और चंदन से सूर्य देव की पूजा करना अच्छा होता है।
माथे पर लगाएं लाल रंग का चंदन
रविवार के दिन सूर्यदेव को जल अर्पण करके दिन की शुरुआत करना अच्छा माना जाता है। रविवार के दिन घर के बाहर अगर किसी जरूरी काम के लिए निकलें तो माथे पर लाल चंदन का तिलक जरूर लगाएं। साथ ही लाल रंग के कपड़े पहने। ऐसे करना शुभ होता है।
रविवार के दिन दान का महत्व
हिंदू धर्म में दान का विशेष महत्व होता है। जिन जातकों की कुंडली में सूर्य कमजोर होते हैं उन्हें सूर्य को बली बनाने के लिए रविवार के दिन सूर्य से संबंधित चीजें जैसे तांबे का बर्तन, पीले या लाल वस्त्र, गेहूं, गुड़, माणिक्य, लाल चंदन आदि का दान करना शुभ होता है। रविवार के दिन इस उपाय से कुंडली में सूर्य संबंधी दोष दूर हो जाते हैं और जीवन में धन,ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है।
पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाएं
घर पर सुख-समृद्धि, धन और मान-सम्मान के लिए रविवार की शाम को अपने घर के आस-पास पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
सूर्य मंत्र का जाप
रविवार के दिन सूर्य से संबंधित मंत्रों का जाप करने से ग्रह दोष कम होता है।
रविवार के दिन गुड़ और गेहूं का दान
गुड़ और गेहूं सूर्य से संबंधित चीजें हैं और इनका दान कुंडली में सूर्य के दोष को कम करता है।