विज्ञापन

आज का शब्द: शेष और सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की कविता- क्या गजब का देश है

काव्य डेस्क

Aaj Ka Shabd
विज्ञापन
                                    
                     
                                                  शेष यानी बाकी अंश या बचा हुआ भाग, अवशिष्ट भाग। अमर उजाला 'हिंदी हैं हम' शब्द श्रृंखला में आज का शब्द है- शेष। प्रस्तुत है सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की कविता: क्या गजब का देश है....

क्या गजब का देश है यह क्या गजब का देश है।
बिन अदालत औ मुवक्किल के मुकदमा पेश है।
आँख में दरिया है सबके
दिल में है सबके पहाड़
आदमी भूगोल है जी चाहा नक्शा पेश है।
क्या गजब का देश है यह क्या गजब का देश है।
विज्ञापन

हैं सभी माहिर उगाने
में हथेली पर फसल
औ हथेली डोलती दर-दर बनी दरवेश है।
क्या गजब का देश है यह क्या गजब का देश है।

पेड़ हो या आदमी
कोई फरक पड़ता नहीं
लाख काटे जाइए जंगल हमेशा शेष हैं।
क्या गजब का देश है यह क्या गजब का देश है।

प्रश्न जितने बढ़ रहे
घट रहे उतने जवाब
होश में भी एक पूरा देश यह बेहोश है।
क्या गजब का देश है यह क्या गजब का देश है।
खूँटियों पर ही टँगा
रह जाएगा क्या आदमी ?
सोचता, उसका नहीं यह खूँटियों का दोष है।
क्या गजब का देश है यह क्या गजब का देश है।
4 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Pankaj Sharma

1223 कविताएं

View Profile