विज्ञापन

कवि की अट्टमट्टू खराब है...

दीपाली अग्रवाल

Mud Mud Ke Dekhta Hu
विज्ञापन
                                    
                     
                                                  
कवि झल्लाया हुआ है। वह जितनी बार संध्या के रसरंजन को डिनर एेंड कॉकटेल में अनुवाद करने की सोचता है, क्रोध से भर उठता है। उसका मानना है कि वह क्रांति कहता है, लोग दंगा समझ लेते हैं। वह करुणा का रेट कार्ड बनाता है, लोग किसी एनजीओ के फ्रॉड का ताजा आंकड़ा समझ लेते हैं। वह सन अड़तालीस कहता है, लोग सन चौरासी समझ लेते हैं। वह राफेल कहता है, लोग बोफोर्स समझ लेते हैं। वह लालबत्ती जलाता है, लोग उसे हरी बत्ती समझ लेते हैं। वह गोभी के फूल उठाता है, लोग बम समझ लेते हैं। वह ऊंच कहता है, सुनने वाले नीच समझ लेते हैं। वह इनका करे तो क्या करे?

कवि को डर है कि कल को वह कविता कहेगा और लोग उसे कनकौआ समझ लेंगे। वह नागपुर कहेगा और लोग दिल्ली समझ लेंगे। वह राम कहेगा, लोग आराम समझ लेंगे। वह विचार कहेगा और लोग भूख समझ लेंगे। 

बड़ा विचित्र समय आ गया है। वाक्य उत्तर में उदय होता है पर अर्थ दक्षिण से अस्त होता है। कवि इस निर्मम समय में गहरे डर देख रहा है।
विज्ञापन

कवि के डर कई हैं। पर जब वह डर के बारे में कहने से पहले ही क्रोध से भर जाता है। उसे डर है कि, ‘डर’ कहा तो लोग उसे ‘हिम्मत’ समझ लेंगे। वह कई बार सोचता है ‘हिम्मत’ ही कह दे तो लोग शायद ‘डर’ समझ लें। लेकिन उसे डर है कि चूंकि समझने का कोई  सिद्ध पैटर्न ही नहीं है इसलिए हो सकता है कि ‘हिम्मत’ को कोई ‘कीमत’ ही समझ ले।

बड़ा विकट समय है। कवि ने ऐसा क्रूर समय कभी नहीं देखा। वह अलंकार बोलता है, तो लोग गाली समझ बैठते हैं। एक बार उसने दूध-घी की नदियों का पाट नाप कर एक डेयरी की बैलेंस शीट बनाई और लोगों से उसके प्रॉफिट का हिसाब मांगा। लोगों ने उसे अतीत की समृद्धि का मुहावरा समझ लिया और व्याकरण कोश में डाल दिया। कवि की शिकायत है कि वह कब से सोने की चिड़िया का फोटो बतौर सबूत मांग रहा है और लोग हैं कि उसे भाषा की प्रतीकात्मकता का मजा समझ रहे हैं।

कवि को इस मुल्क पे दया आती है। कभी-कभी इसी दया के वशीभूत वह पुराने फोटो, पुरानी डायरी, पुरानी पत्रिकाओं के पन्ने, पुराना शहद या पुराने चावल पेश करता है, ताकि मुल्क सही अर्थ पकड़ सके। मगर दुर्भाग्य, मुल्क न जाने किस भाषा के नाले में गिरकर आलू को सोना बनाना सीख लेता है, मगर कवि की भाषा में उतरना नहीं सीख पाता।

कवि के पास शब्द हैं। शब्दों से बने वाक्य हैं। वाक्यों से बने मुहावरे हैं। मुहावरों से बने प्रतीक हैं। प्रतीक से बने नक्शे हैं। नक्शों से बना देश है। देशों से बना विचार है। और विचारों से बने फिर नए शब्द हैं। मगर इतना होने के बावजूद वह कहता है, ‘कोई बात नहीं’ और लोग समझते हैं - ‘कोई बात नई’।

आखिर संकट है कहां? वह सोचता है, इस मुल्क के दिमाग का संकट है, वर्ना कवि तो ‘दुरुस्त’ ही कह रहा था, ये ‘फुरसत’ समझ कर बैठ गए। वह ‘क्रांति’ ही कह रहा था, लोग ‘भ्रांति’ में लग गए।

कवि ने हाल में एक जगह ‘टायर’ कहा, लोगों ने उसे ‘कायर’ समझ लिया। एक बार वह समझाने गया कि संभलो ये तुम्हारे ‘दुर्दिन’ हैं, लोगों ने इसे ‘दूरबीन’ समझ लिया और भविष्य की झांकी देखने लगे।

कवि कहता है, कि कहे के बावजूद कोई कुछ क्यों नहीं कहता कि कवि क्या कहता है? वह चाय पीता है, केतली फेंकता है, चारपाई पर बैठता है, आंख दबाता है, हाथ चलाता है, पर्चे फेंकता है, झंडा घुमाता है फिर भी समझ नहीं पाता है कि वो क्या वजह है कि वह ‘दर्पण’ कहता है और उसका मतलब ‘अर्पण’ समझ लिया जाता है।

कवि ने संकट का हल खोजने की ठान ली है। कोई कहता है यह भाषा का संकट है। मतलब गलत ले लिए जाते हैं, क्योंकि किसी की हिंदी खराब है तो किसी की अंगरेजी खराब है। कवि कहता है, उसकी ‘अट्टमट्टू’ खराब है। ‘अट्टमट्टू’ क्या है? यह वो भाषा है जिसे मुल्क समझ नहीं पा रहा है। जिस दिन समझ जाएगा, उस दिन चाहे किसी की हिंदी कमजोर हो या अंगरेजी, फ्रेंच खराब हो गया फारसी, सही मतलब अपने आप आत्मा में उतरता चला जाएगा।

कवि को विश्वास है, ‘अट्टमट्टू’ में ही देश का भाषिक भविष्य है।

आप यह मत पूछिए, कि अट्टमट्टू किस देश-प्रदेश की भाषा है।

7 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

25 कविताएं

View Profile

Junaid Ahmad

5 कविताएं

View Profile

Prasoon Saxena

966 कविताएं

View Profile