कहीं पे अंधेरा ,कहीं पे उजेरा
मानव सभी एक,अलग है बसेरा।
ऊँची इमारत की हैं ऊँची शानें
बहुत खूबसूरत गुजरती हैं शामें।
बहुरंगी दुनियां है रहती यही पर,
खिलती न कलियाँ सभी शाखों पर।
कई वृक्षों की डालियाँ सूखी होती,
कई की हरी होती है सारी शाखें।
कई दूसरों की चमक देखकर हँसते,
अपनी उदासी को हँसी में हैं ढकते।
कई जुगनुओं की चमक को तरसते,
कई बच्चे माँ-बाप की राहें हैं तकते।
बड़ी बेरहम जिंदगी है अंजाना,
अमीरी गरीबी का है ये फसाना।
अगर काबिल होते तो कुछ हम भी संवरते।
मुसीबत में हम भी मदद कुछ तो करते।
परहित में जीवन बिताना है अपना,
दुखियों के चेहरे सजाना है सपना।
नदी की तरह हम परोपकार करते,
बिना भेदभाव के सभी को सँवारते।
-सूबा लाल 'अंजाना'