विज्ञापन

अमिट निशानी

Samir Kumar

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            पूछा विशाल वीरान सुनसान सूखे साहिल से
        
                                                    
                            
आशाओं की उफनती स्वप्निल लहरें अभी भी
तुम्हें आगोश में ले भिगो़ती तो होंगी, फिर तुम
प्रारब्ध की मार को जीवन की हार क्यों मान बैठे हो?

अटूट आस विश्वास लिए ठंडी हवा तुम्हें
संयम की शीतलता प्रदान करती तो होगी, तुम
वेदनाओं की तपिश में तप बेजान क्यों बैठे हो?

अश्कों की अविरल धारा अन्तर्तन तक भिगो सुखद
स्मृतियों की आत्मीयता से सराबोर तो करती होगी,
तुम अपने आप को वीरान क्यों मान बैठे हो?

अमानिशा की निस्तब्ध नीरवता जीवन के
कटु यथार्थ की मधुरतम संगीत तो तुम्हे सुनाती होगी,
तुम उसे भयावहता का गीत क्यों मान बैठे हो?

बेरंग विरल बेजान झाड़ियां तूफानों से लड़
अस्तित्व बचाए तुम्हारे दामन से लिपटी तो होगीं,
तुम उनके कांटों को चुभन क्यों मान बैठे हो?

माना विगत संतृप्त और सुखद था,
आशाओं का उजियारा, उल्लासों का कलरव था,
शुभ्र ज्योत्सना स्नात सकल नवल धवल था।

अब विवशताओं की धुंध फैल गई,
चुप्पियां चारों ओर पसर गईं तो क्या?
वो बीत गया जो तुम्हारा अतीत था।

अब तुम्हारा हर संघर्ष एक निशानी है,
हर पल तुम्हारी अमिट कहानी है।
दिया नियति ने, वो अनमोल हार स्वीकार करो।

जीवन है अल्प, पर इसका नहीं कोई विकल्प,
तुम इस अल्पता में संपूर्णता का सार लिखो।
तुम अपने पुरुषार्थ और सदाचार से अप्रतिम
अमिट अविस्मरणीय नया कोई गुंजार लिखो।

--समीर कुमार वर्मा
स्वरचित और मौलिक रचना
एक वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Soni Gupta

71 कविताएं

View Profile

Anil Pandey

538 कविताएं

View Profile