विज्ञापन

इंसान अपनी इंसानियत की शेखी बघारता रह गया

Rohit Sharma

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            वह घूम रही थी चौखट-चौखट
        
                                                    
                            
उसके गले से जो आवाज़ निकल रही थी
वह गुस्सा नहीं, ममता की चीख थी।
वह किसी पर झपट नहीं रही थी,
वह तो बस गिड़गिड़ा रही थी।

पर यह कैसी अंधी दुनिया है?
जो बेज़ुबान का रोना भी न समझ सकी।
लोगों ने उसकी भूख को उसका पागलपन मान लिया,
सबने अपने दरवाज़े बंद कर लिए,
पत्थरों और गालियों से उसका स्वागत किया।
वह सहम जाती, पीछे हटती,
पर फिर आगे आती—
क्योंकि भूख उसकी नहीं, उसके बच्चों की थी।

वह माँ थी...
और एक भूखी माँ हार कैसे मान लेती?

जब थक-हार कर उसे खाने का एक टुकड़ा मिला,
तो जानते हो क्या हुआ?
उसने अपनी अंतड़ियों की आग को भूलकर
उसने उस टुकड़े को चखा तक नहीं।
उसे अपनी भूख याद ही नहीं आई।

वह सूखी रोटी का टुकड़ा दबाए
दौड़ पड़ी उस अँधेरे कोने की तरफ,
जहाँ उसके नन्हे बच्चे दम तोड़ रहे थे।
उसने वह कौर उनके सामने रख दिया,
और खुद एक कोने में,
ठंडी ज़मीन पर पसर गई।

उसकी आँखें कह रही थीं—
"तुम खा लो, मेरा पेट भर गया।"

इंसान अपनी इंसानियत की शेखी बघारता रह गया,
और वहाँ धूल में बैठी एक कुत्ती,
पूरी दुनिया को मातृत्व का पाठ पढ़ा गई।

— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'
18 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dr fouzia

6981 कविताएं

View Profile