विज्ञापन

अब कौन सांत्वना दे आकर

Rohit Sharma

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            सूनी बैठी आज किवाड़ी
        
                                                    
                            
रोती घर की टूटी साड़ी
चूल्हे की आग भी ठंडी
साँसों की गति अब मंदी

आँखों का पानी सूख गया
भीतर कुछ भारी टूट गया
आँगन में सन्नाटा पसरा
दुख का यह दरिया गहरा

अब कौन यहाँ हँसकर बोलेगा
सुख-दुख की गाँठें खोलेगा
तुलसी की साख उदास खड़ी
विपदा की घड़ी यह बहुत बड़ी

रुदन कर रही बूढ़ी माई
कैसी यह कठिन घड़ी आई
सहम गया है छोटा बच्चा
रिश्ता था जो सबसे सच्चा

खेतों की मिट्टी रोती है
फसलें अब आँसू बोती हैं
बैल खड़े हैं गर्दन डाले
पड़ गए हैं हाथ में छाले

था जो इस घर का उजियारा
टूट गया वह भोर का तारा
छूट गया सब साज-सँभाला
भाग्य ने ऐसा पासा डाला

पड़ोसी आकर मौन खड़े हैं
आँसुओं के साए बड़े हैं
सांत्वना के सब शब्द अधूरे
कहाँ हुए अरमान वे पूरे

समय की लाठी भारी है
सब पर ही पड़ती बारी है
पर यह घाव बहुत गहरा है
यादों का इस पर पहरा है

अब कौन सांत्वना दे आकर
सुख की कोई बात सुनाकर
सन्नाटा ही अब गाता है
अंधियारा मन को भाता है

चले गए तुम छोड़ अकेले
जहाँ लगे थे सुख के मेले
मौन हुई यह सकल कहानी
शेष बची बस आँखों में पानी

— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'
एक दिन पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dn Chaubey

7573 कविताएं

View Profile