संवाद नहीं कर पाए क्यों, क्या भीतर की आग बुझ गई,
सच कहने की जो हिम्मत थी, क्या वक़्त के आगे झुक गई?
या बुज़दिली ने घेर लिया, या हौसलों में कमी आ गई,
जो बात ज़ुबाँ पर होनी थी, वो दिल में ही क्यों रह गई?
बात अपनी कहनी हो तो, आँखों में आँखें डालकर कहना,
सच के रास्ते पर चलना हो तो, हर अंजाम से बेख़ौफ़ रहना।
आवाज़ में तल्ख़ी हो न हो, लहज़े में दम होना चाहिए,
अपने विचारों पर अडिग रहो, बस इतना भर होना चाहिए।
क्यों पीठ पीछे कहते हो, जो कहना है सामने कहो,
अपने उसूलों पर टिककर, सच के साथ खड़े रहो।
हर बात पर सहमति देना, कोई समझदारी नहीं होती,
आत्मसम्मान बचाकर रखना, कोई लाचारी नहीं होती।
संवाद से ही रास्ते निकलते हैं, ख़ामोशी से दीवारें बनती हैं,
जो बातें वक़्त पर कह दी जाएँ, वे अक्सर मिसालें बनती हैं।
असहमति से डरने वाले, बदलाव क्या लाएँगे,
जो आँखें मिलाने से डरते हैं, वो सच क्या बताएँगे?
न आग बुझने देना अपनी, न हौसलों को कम होने देना,
सच के पक्ष में खड़े रहना, ख़ुद को कभी न झुकने देना।
लड़ना नहीं है हर किसी से, पर अपना पक्ष तो रखना सीखो,
ज़िंदा हो तो ज़मीर के साथ, संवाद करना सीखो।
-रतन कुमार कैथवास