हाथों की खनकती चूड़ी, कुछ ख़ास शिकायत करती है,
अरमान जगे क्यों उनके, कान की बाली कहती है।
पायल भी आज पाँवों से कुछ राज़ छुपाने आई है,
लगता है किसी की चाहत फिर मन में घर कर गई है।
माथे की बिंदिया पूछ रही, किसके नाम सँवरती हो,
काजल की गहरी रेखा में किसका ख़्वाब संजोती हो।
लब ख़ामोश भले रहते हों, आँखें सब कह जाती हैं,
किसके आने की आहट पर यूँ बार-बार निखरती हो।
कंगन की हर एक झंकार में कोई पैग़ाम छुपा होगा,
मेहँदी की लाली में भी उसका ही नाम लिखा होगा।
यूँ ही नहीं ये रूप तुम्हारा आज गुलाबी लगता है,
दिल के किसी कोने में कोई अरमान जगा होगा।
चूड़ी बोली, बाली बोली, पायल ने भी बात कही,
इश्क़ छुपाने वालों की अब कोई नहीं सौगात रही।
जिसके आने से धड़कन में सावन उतरने लगता है,
उसके नाम की ख़ुशबू से हर साँस महकने लगी।
'मरहबा' ज़ेवर क्या जानेंगे, दिल की भाषा क्या होती है,
खनकती चूड़ी के पीछे भी इक प्रेम-कहानी होती है।
जिस्म पर पहने आभूषण तो दुनिया देख ही लेती है,
मन के भीतर सजी उलफ़त कहाँ दिखाई देती है?
चलते चलते…
चूड़ी ने राज़ खोल दिया, बिंदिया ने चुगली कर डाली,
इश्क़ छुपाने निकली थी, सब कह गई पायल, बाली।
-रतन कुमार कैथवास